धनबाद: धनबाद के भगाबांध थाना क्षेत्र में स्थित पुटकी पीबी एरिया की इगल दीप इंफ्रा आउटसोर्सिंग माइंस में सोमवार की देर रात एक कर्मचारी की रहस्यमय परिस्थिति में जान चली गई। मृत व्यक्ति बबलू बाउरी थे, जो बोकारो जिले के चंदनकियारी थाना क्षेत्र के तलगड़िया स्थित सिंपुर गांव के रहने वाले थे। वे रात की शिफ्ट में कोयला काटने के कार्य में लगे हुए थे।
परिवार के अनुसार, लगभग तीन बजे पानी पीने के बाद वह शौचालय गए, जहां अचानक गिर पड़े। परिजनों का कहना है कि उनके गले पर एक निशान भी दिखाई दिया, जिससे घटना को संदिग्ध माना जा रहा है। बेटे अभिजीत बाउरी ने आरोप लगाया कि माइंस परिसर में यह घटना कैसे घटी, कंपनी स्पष्ट रूप से बताने में असमर्थ है।

मंगलवार सुबह वारदात की जानकारी मिलते ही परिवारजन और ग्रामीण बड़ी तादाद में कंपनी के मुख्य प्रवेश द्वार पर इकट्ठा हुए और जोरदार विरोध जताया। उनका आरोप है कि प्रबंधन पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने से बच रहा है।उधर, कंपनी ने मृतक के परिवार को नौकरी और क्षतिपूर्ति देने पर सहमति जताई,लेकिन मृत्यु के कारण को लेकर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया। बबलू बाउरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी मौत का असली कारण सामने आएगा।






