सरायकेला (संजीव मेहता) : यूनियन बैंक रीजनल आफिस रांची का मेगा एमएसएमई आउटरीच कैम्प गुरुवार को ऑटो क्लस्टर सभागार में सम्पन्न हुआ. जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि जिले के डीसी रवि शंकर शुक्ला एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. उन्होंने अपने संबोधन में डीसी ने कार्यक्रम में मौजूद स्वयंसेवी संगठन की दीदीयों से बचत की आदत डालने की अपील की. उन्होंने बताया कि हमारे देश में युवाओं की आबादी सबसे अधिक है जो स्वरोजगार करें तो 2047 तक विश्व की बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकती है.

डीसी ने वियतनाम और बांग्लादेश जैसे छोटे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि हमें भी अपने प्रोडक्ट को अधिक से अधिक निर्यात करें. देश के उद्यमी और स्वयंसेवी संगठनों को एक प्लेटफॉर्म पर आकर निर्यातक वस्तुओ का निर्माण करें. जिसके लिए टेक्सटाइल उद्योग और निर्माण बेहतर हो सकता है. कार्यक्रम में यूनियन बैंक के अंचल प्रमुख बैजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार का फोकस एमएसएमई क्षेत्र है. जिसके लिए झारखंड में जमशेदपुर और आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र अग्रणी है. यूनियन बैंक का सपना है कि एमएसएमई सेक्टर को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएं. यही सपना देश के प्रधानमंत्री का भी है. पूरा विश्व भारत की ओर देखता है. यह नया भारत है. जिसमें यूनियन बैंक कभी पीछे नहीं रहेगा. हमारा देशभर में 120 शाखाओं से 18 हजार करोड़ रुपये का कारोबार है. सबसे आसान किश्तों और कम दरों पर हम ऋण उपलब्ध कराने आए हैं. इस तरह का आउटरीच कार्यक्रम झारखंड बिहार के 15 शाखाओं में कर रहे हैं. मौके पर एसिया अध्यक्ष इंदर अग्रवाल ने अपनी बात रखते हुए कहा कि आज की तिथि में बैंकों की सहभागिता सुगम हुआ है. यहां के उद्योगों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने में बैंकों की अहम भूमिका होती है. मौके पर ऑटो क्लस्टर के एमडी एसएन ठाकुर ने कहा कि जब 1974 में हम इंजीनियरिंग कर यहां उद्योग लगाए थे तब 25 लाख रुपए की ऋण की जरूरत थी लेकिन बैंक हमें 5 लाख की मदद की थी, मगर आज की बात अलग है आज बैंकों का कर्तव्य बन गया है वो अधिक से अधिक लोगों को ऋण मुहैया कराए ताकि देश की अर्थव्यवस्था में ग्रोथ हो सके. आज बैंक घर पर आकर ऋण मुहैया करा रही है. क्योंकि वित्तीय सक्षमता के बिना कोई व्यक्ति तरक्की नहीं कर सकता है. उद्घाटन सत्र को लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष ज्ञान चंद्र जायसवाल ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम में यूनियन बैंक के अंचल प्रमुख बैजनाथ कुमार सिंह, क्षेत्रीय ऑफिसर आलोक कुमार, डिप्टी क्षेत्रीय निदेशक राजेश रंजन ने यूनियन बैंक की ऋण योजनाओं से अवगत कराया. दोनों अधिकारियों ने बताया कि यह कार्यक्रम बैंक आपके द्वार स्कीम के तहत कराया जा रहा है. उनके साथ बैंक के अन्य अधिकारी गण के साथ कई महिला स्वयंसेवी संगठनों की दीदियां और बैंक के उपभोक्ता भी मौजूद रहे और अपनी सफलता की बातें साझा की.




