जमशेदपुर : ओलीडीह थाना क्षेत्र के श्यामनगर में रहने वाले 24 वर्षीय प्रदीप साहू की चार दिनों से जारी गुमशुदगी की तलाश बुधवार को एक दर्दनाक मोड़ पर पहुँच गई। गुरुवार सुबह श्यामनगर छठ घाट के पास स्वर्णरेखा नदी से उसका शव तैरता हुआ बरामद हुआ। स्थानीय लोग दैनिक कार्य के लिए घाट की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने नदी में एक लाश देखी।
पास जाकर पहचान की गई तो पता चला कि वह प्रदीप साहू का शव है। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। शंकोसाईं व ओलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। एसआई विजय कुमार यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है और मौत की परिस्थितियों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इधर, मृतक के परिजनों का आरोप है कि रविवार को प्रदीप अपने तीन साथियों के साथ गया था,जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया है। परिजनों का दावा है कि इन्हीं लोगों ने उसकी हत्या कर शव को रात में नदी में फेंक दिया। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका को खारिज नहीं किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने का प्रयास कर रही है। प्रदीप की मौत से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है, जबकि परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।






