रांची : पलामू जिले की सदर थाना पुलिस ने एक बड़े नशा तस्करी रैकेट का खुलासा करते हुए 1 क्विंटल से अधिक अफीम डोडा भूसी बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि एक अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित नशीले पदार्थ की खेप पलामू क्षेत्र से गुजरने वाला है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए, पलामू एसपी रिष्मा रमेशन के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया, जिसकी तलाशी में पुलिस को 100 किलोग्राम से अधिक अफीम डोडा भूसी बरामद हुई, वहीं इस दौरान दो तस्करो को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी बिहार-झारखंड-उत्तर प्रदेश के बीच सक्रिय एक अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए पाए गए।

वहीं पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने महत्वपूर्ण खुलासे भी किये, इस खुलासे में बताया की अफीम की डोडा भूसी रांची से खरीदी जाती थी और प्रतिबंधित माल को बरेली (उत्तर प्रदेश) ले जाकर बेचा जाना था। वहीं गिरफ्तार तस्करों ने बतलाया कि रांची में यह सामग्री लगभग ₹1400 प्रति इकाई की कीमत पर खरीदी जाती थी और बरेली में मांग अधिक होने के कारण इसे ₹8000 प्रति इकाई में बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की योजना थी। पुलिस ने दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ NDPS Act की सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। बरामदगी के बाद पुलिस अब सप्लाई चेन, स्रोत और बड़े तस्करों तक पहुंचने के लिए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।






