रांची : झारखंड सरकार विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शिक्षकों की भर्ती अभियान को आगे बढ़ा रही है। इसी क्रम में 29 जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खेलगांव में आयोजित समारोह में 1,042 चयनित सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। यह पहल राज्य के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में रिक्त पदों को भरने की व्यापक प्रक्रिया का हिस्सा है। प्रशासन के अनुसार 26 हजार पदों पर भर्ती चरणबद्ध ढंग से की जा रही है और अब तक 12,500 से अधिक अभ्यर्थी सेवा में शामिल हो चुके हैं।
इस चरण में कक्षा एक से पांच तक के लिए 274 तथा कक्षा छह से आठ तक के लिए 768 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। लंबे समय से कई विद्यालय पर्याप्त शिक्षकों के आभाव से जूझ रहे हैं। नई नियुक्तियों से ऐसे संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियां अधिक व्यवस्थित होने और विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई का लाभ मिलने की उम्मीद है। शिक्षा विभाग के मुताबिक कई सरकारी विद्यालय ऐसे हैं जहां सीमित शिक्षकों के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। नए शिक्षकों के कार्यभार संभालने के बाद कक्षाओं का संचालन बेहतर ढंग से किया जा सकेगा। नियुक्ति समारोह में विभिन्न जिलों से चयनित अभ्यर्थी भाग लेंगे और सभी प्रशासनिक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो पलामू को सबसे अधिक 123 नए सहायक आचार्य मिलेंगे, जबकि रामगढ़ में केवल चार नियुक्तियां होंगी। इसके अलावा साहिबगंज, पश्चिमी सिंहभूम, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, धनबाद, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, जामताड़ा, रांची, गढ़वा, सरायकेला-खरसावां, गुमला, बोकारो, सिमडेगा, हजारीबाग, खूंटी, लोहरदगा, गिरिडीह और कोडरमा में भी चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती होगी। विषयवार वितरण में भाषा के 150, गणित एवं विज्ञान के 251 तथा सामाजिक विज्ञान के 387 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। सरकार का कहना है कि शेष रिक्त पदों पर भी आगामी चरणों में भर्ती जारी रहेगी, जिससे सरकारी विद्यालयों में शिक्षण की गुणवत्ता और विद्यार्थियों को मिलने वाली शैक्षणिक सुविधाओं में लगातार सुधार हो सके।





