सरायकेला/गम्हरिया : सुवर्णरेखा नदी के सापड़ा दोमुहानी क्षेत्र में कथित रूप से जमा किए जा रहे रेत के बड़े भंडार को लेकर प्रशासन हरकत में आ गया है। इस संबंध में समाचार प्रकाशित होने के बाद जिला खनन विभाग ने मामले की जांच शुरू करने का निर्णय लिया है। जिला खनन पदाधिकारी ज्योतिशंकर सत्पथी ने माइनिंग इंस्पेक्टर समीर ओझा को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है।
खनन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि नदी क्षेत्र से नियमों के विपरीत किसी भी प्रकार की खनिज निकासी या संग्रहण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति या समूह की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

जानकारी के अनुसार आदित्यपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सापड़ा दोमुहानी घाट के आसपास कुछ लोगों द्वारा बड़ी मात्रा में रेत एकत्रित किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात वाहनों के माध्यम से रेत की ढुलाई की जाती है और बाद में इसकी बिक्री बाजार में अधिक दरों पर की जाती है। बरसात के मौसम में निर्माण कार्यों के लिए रेत की मांग बढ़ने के कारण इसकी कीमतों में भी तेजी आती है। ऐसे में प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।






