पटमदा: नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से गुरुवार को पटमदा प्रखंड सभागार में जागरूकता सह शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास के मार्गदर्शन में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस), मुखिया, ग्राम प्रधान एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की दीदियां, ग्राम संगठन के प्रतिनिधि, जेंडर सीआरपी, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य तथा विभिन्न सामुदायिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ परिवार और समाज की प्रगति में भी बड़ी बाधा उत्पन्न करता है।
अभियान के तहत विभिन्न गांवों और पंचायतों में नुक्कड़ नाटकों का आयोजन कर नशे के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है।

इसके अलावा जागरूकता वाहन के माध्यम से भी नशामुक्ति का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने, अपने गांव और समुदाय को नशामुक्त बनाने तथा युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन से बचाने की शपथ दिलाई गई। प्रशासन की ओर से आमजनों से अपील की गई कि वे अवैध मादक पदार्थों के कारोबार एवं उससे जुड़ी गतिविधियों की सूचना संबंधित विभागों को दें तथा एक स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। डॉ० राजेंद्र कुमार दास ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान तभी सफल होगा, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसकी जिम्मेदारी को समझते हुए सक्रिय भूमिका निभाएगा।





