रांची : विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर रामकृष्णा कास्टिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड (RCSL) ने अपने सभी संयंत्रों में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “Inspired by Nature; For Climate, For Our Nature” रही, जिसके तहत प्रकृति से प्रेरणा लेकर जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का समाधान खोजने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन समूह के मुख्य परिचालन अधिकारी शक्ति सेनापति ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एक अनिवार्य आवश्यकता है। इस अवसर पर कंपनी के निदेशक सुरेंद्र गड़िया, सीएचआरओ भूपेंद्र लढ़ी, क्लस्टर हेड एस.एन. शुक्ला सहित विभिन्न संयंत्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वृक्षारोपण कर हरित वातावरण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण शपथ, वृक्षारोपण अभियान, पौधा वितरण, पर्यावरण प्रश्नोत्तरी तथा चित्रकला प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कर्मचारियों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, प्लास्टिक उपयोग में कमी और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। कंपनी प्रबंधन ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन, जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता में कमी आज वैश्विक चुनौतियां बन चुकी हैं। इनसे निपटने के लिए उद्योगों, संस्थाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। कंपनी ने पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन, ऊर्जा दक्षता, अपशिष्ट प्रबंधन और हरित पहलों को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। यह आयोजन कर्मचारियों, प्रबंधन और नेतृत्व टीम के सामूहिक प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण बना तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को और मजबूत करने में सफल रहा।





