जमशेदपुर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एल.बी.एस.एम. कॉलेज, जमशेदपुर परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर निर्माण के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में लगभग 30 पुष्पीय एवं सजावटी पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने सभी को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं संतुलित बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष एवं पौधे न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि पृथ्वी पर जीवन के अस्तित्व के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। इस पौधारोपण अभियान में महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों, समाजसेवियों तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी प्रो. बिनोद कुमार, डॉ. विजय प्रकाश, डॉ. विनय कुमार गुप्ता, डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. प्रशांत, डॉ. संतोष, डॉ. रानी, सलोनी रंजनी, सौरभ वर्मा, पुनीता मिश्रा, हरिहर टुडू, अजीत सिंह, ज्योति, विनय सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी एवं एन.एस.एस. के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। यह पौधारोपण अभियान महाविद्यालय द्वारा पर्यावरण जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे सतत प्रयासों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।





