रांची :बाघमारा एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। बीती रात करीब एक बजे कैलूडीह मैदान में कोयले के अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच जमकर अंधाधुंध फायरिंग हुई। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में अपने घरों में दुबक गए।
घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में छाताबाद निवासी तौसिर्फ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर किया गया है। वहीं नीतीश कुमार और एक अन्य घायल का इलाज कतरास में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

घटनास्थल से पुलिस ने कई खोखे भी बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में मामला अवैध कोयला कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस इस मामले में शामिल अपराधियों की पहचान में जुटी है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ा दी गई है।





