जमशेदपुर :करनडीह स्थित एल बी एस एम कॉलेज जमशेदपुर में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर पीसी पीएनडीटी अधिनियम पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सदर अस्पताल जमशेदपुर की ओर से महाविद्यालय के आई क्यू ए सी,एन सी सी एवं एन एस एस के सहयोग से संपादित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ कमलेश कुमार प्रसाद ने कहा कि पीसी पीएनडीटी अधिनियम हेतु जागरूकता जरूरी है।
भ्रूण हत्या निषेध है। इस अपराध के लिए कठोर दंड है। लिंग जांच कराने वाले अपराधी को पांच साल की सजा एवं लाखों का जुर्माना हो सकता है। सदर अस्पताल द्वारा लड़कियों के लिए कई जागरूकता कार्यक्रम होते रहते हैं एवं एक कर्मचारी स्थाई रूप से नियुक्त है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ रंजीत पंडा ने कहा अभी के समय में सभी लड़कियों को लिंग आधारित जागरूकता आवश्यक है। नमिता ठाकुर ने कार्यक्रम का उद्देश्य बताते हुए कहा कि भ्रूण हत्या संबंधी जागरूकता, गलत तरीके से अल्ट्रासाउंड का विरोध और सरकार द्वारा उपलब्ध सहायता से रूबरू कराना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं विषय प्रवेश करते हुए डॉ अशोक कुमार झा प्राचार्य एल बी एस एम कॉलेज जमशेदपुर ने विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भ्रूण हत्या समाज के लिए अभिशाप है। उन्होंने आदिवासी समाज के बारे में कहा कि इस समाज में लड़का लडकी के बीच भेदभाव नहीं होता जबकि अन्य समाज में ज्यादा होता है। कार्यक्रम का संचालन डॉ दीपांजय श्रीवास्तव एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ विनय कुमार गुप्ता ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ विजय प्रकाश, डॉ मौसमी पॉल, प्रो बिनोद कुमार, प्रो पुरुषोत्तम प्रसाद, प्रो संतोष राम प्रो विकास मुंडा डॉ कमलेश कुमार कमलेन्दु सहित सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।




