चाईबासा : चाईबासा आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आनंदपुर- रोबोकेरा मुख्य सड़क पर बीती रात असामाजिक तत्वों ने सड़क निर्माण कार्य में लगी हाइवा को आग के हवाले कर दिया. घटना रोबोकेरा के पास रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है. जली हुई हाइवा का नंबर JH-01 FB 4984 है. सूचना मिलते ही आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस झा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.
हाइवा चालक जाहिर खान ने पुलिस को बताया कि वह रात करीब 11 बजे वाहन खड़ा कर बगल के कमरे में सोने चला गया था. आगजनी की घटना लगभग 12 से 12.30 बजे के बीच हुई होगी. उसने कहा कि वह गहरी नींद में था, जिससे उसे कोई आवाज सुनाई नहीं दी. आसपास सो रहे अन्य कर्मचारियों को भी घटना की भनक नहीं लगी. पुलिस ने घटनास्थल से माचिस और कागज समेत अन्य सामग्री बरामद कर सबूत के तौर पर जब्त किया है. अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

जानकारी के अनुसार पीडब्ल्यूडी विभाग के तत्वावधान में वैष्णो देवी इंफ्रा प्रोजेक्ट कंपनी द्वारा मनोहरपुर- सिमडेगा- आनंदपुर- भालूडूंगरी एनएच- 320 से रोबोकेरा भाया सडिबा तक करीब 53 करोड़ रुपये की लागत से 22 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है. यह निर्माण कार्य पहले से ही विवादों में घिरा रहा है. परियोजना में दर्जनों जेसीबी, हाइवा और अन्य छोटे वाहन लगे हुए हैं.




