रामगढ़ : रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में स्थित विजय ज्वेलर्स में बीती रात बंदूक की नोक पर हुई लूटपाट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। इस मामले में दुकानदार ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि अपराधियों ने पूरी वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया।
हथियारबंद डकैत दुकान में घुस आए और बंदूक दिखाकर दुकानदार व कर्मचारियों को डराया-धमकाया। इसके बाद अपराधी दुकान के अंदर रखे करीब डेढ़ किलो सोना और लगभग एक क्विंटल चांदी के गहनों को लूटकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, दिनभर की बिक्री के करीब दो से ढाई लाख रुपये नकद भी अपराधी अपने साथ ले गए।

लूट के दौरान किसी को विरोध करने का मौका तक नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की पहचान करने का प्रयास जारी है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है।





