चाईबासा : चाईबासा पुलिस ने बड़ाजामदा बस स्टैंड पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हथियार और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी की पहचान जमशेदपुर जिले के वर्मामाईंस थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुवर नगर निवासी करण कुमार महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, एक स्वचलित पिस्तौल, दो खाली मैगजीन, 7.65 एमएम की 41 गोलियां, 9 एमएम की 10 गोलियां, 8 एमएम की 9 गोलियां तथा एक आईफोन समेत दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चाईबासा के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि गुवा थाना क्षेत्र में अक्टूबर माह में अनिल चौरसिया के घर हुई डकैती से जुड़े हथियारों की सप्लाई के लिए एक आरोपी बड़ाजामदा आने वाला है। उल्लेखनीय है कि इस डकैती की घटना में 2.5 लाख रुपये नकद, एक सोने का ब्रेसलेट और एक सोने की चेन अज्ञात अपराधियों द्वारा लूट ली गई थी।

इस संबंध में गुवा (बड़ाजामदा ओपी) थाना में कांड संख्या 45/25 दर्ज किया गया था, जिसमें पूर्व में पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। जांच के दौरान सामने आया कि जेल में बंद आरोपी दीपक महतो का भतीजा करण महतो, घटना में प्रयुक्त हथियार और गोलियां वांछित अपराधी राजू लोहार को देने के लिए बड़ाजामदा आ रहा था। सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए करण कुमार महतो को बड़ाजामदा बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।





