रांची/पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर मंगलवार की सुबह को व्रतधारियों ने उदयमान भगवान भास्कर को और छठी मैया को अर्घ्य अर्पित किया। वही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, चारों ओर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। व्रतधारी महिलाओं ने पूरी सात्विकता और पवित्रता के साथ सूर्यदेव को दूध, जल और प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि उन्नति और खुशहाली आशीर्वाद मांगी।

घाटों को फूलों, रंग-बिरंगी लाइटों और दीयों से सजाया गया था। हर ओर “जय छठी मईया” के जयघोष गूंज रहे थे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि श्रद्धालु निर्बाध रूप से पूजा कर सकें। इस अवसर पर व्रतधारी पूरे दिन निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को अर्घ्य देकर अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं। मंगलवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हुआ।




