सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले की जिला सहकारिता प्रसार पदाधिकारी के कार्यालय में धान अधिप्राप्ति से संबंधित तैयारीयों को लेकर समीक्षा बैठक की गई। जिसकी अध्यक्षता जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुण्डा ने की। बैठक में धान खरीद सीजन 2025-26 के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।इस बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी जगमनी टोप्पो, नाबार्ड के पदाधिकारी, सहकारिता विभाग के अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान धान अधिप्राप्ति केंद्रों की तैयारी, कृषकों का पंजीयन, की उपलब्धता, पर जोर दिया गया। मापतौल उपकरणों की जांच, परिवहन और भंडारण की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। पुष्कर सिंह मुण्डा ने निर्देश दिया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि हर पात्र किसान को उचित मूल्य पर धान बेचने का अवसर प्राप्त हो। जिला सहकारिता पदाधिकारी ने सहकारी समितियों को समय पर धान क्रय केंद्र स्थापित करने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। नाबार्ड के अधिकारियों ने ऋण और वित्तीय सहायता से संबंधित जानकारी साझा की। बैठक में सभी विभागों के साथ समन्वय से कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया ।





