रांची : पंजाब के रोपड़ जिले से प्रशासनिक तंत्र को हिला देने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए DIG हरचरण सिंह भुल्लर को गिरफ्तार किया है। उन पर मंडी गोबिंदगढ़ के एक स्क्रैप कारोबारी से 5 लाख रुपये की रिश्वत लेने का गंभीर आरोप है।

कारोबारी ने सीबीआई में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी कारोबारी पर झूठा केस दर्ज करने की धमकी देकर रिश्वत मांग रहा था। सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए पकड़ा। इस घटना से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है और एक बार फिर सरकारी अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। सीबीआई मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।





