जमशेदपुर : रविवार को धनबाद पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर के डोबो पुल से कदमा निवासी आशीष सिंह राजपूत को हिरासत में लिया. बताया जा रहा है कि आशीष पर कुछ दिनों पूर्व धनबाद में हवाई फायरिंग करने का आरोप है, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में थी. सूत्रों के अनुसार, रविवार को डोबो पुल पर भाजपा नेता आदित्य साहू के स्वागत कार्यक्रम के दौरान धनबाद पुलिस सिविल ड्रेस में मौजूद थी.

मौके का फायदा उठाते हुए पुलिस ने अचानक दबिश दी और आशीष सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया. बताया जा रहा है कि आशीष के समर्थकों ने भाजपा नेता हरजीत उर्फ चिंटू सिंह पर हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों ओर से लात- घूंसे चलने लगे. घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई. सूत्रों की मानें तो आशीष के साथ चार से पांच अन्य युवक भी धनबाद की हवाई फायरिंग की घटना में शामिल थे, जिनकी तलाश अब भी जारी है. फिलहाल धनबाद पुलिस आशीष से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.





