सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी प्रभारी निरंजन कुमार के नेतृत्व में आज दिनांक 10 अगस्त 2025, रविवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत डोबो पुल के आसपास तथा डैम साइड क्षेत्र में अवैध अड्डेबाजी, आपराधिक गतिविधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी गई।

पुलिस टीम ने क्षेत्र में गश्त करते हुए अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान की और उन्हें मौके पर चेतावनी दी। कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके पहचान पत्र की जांच की गई, साथ ही अवैध रूप से खड़े वाहनों की भी जांच की गई। थानेदार निरंजन कुमार ने बताया कि यह अभियान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डोबो पुल और डैम साइड क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके मद्देनज़र यह कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, उनका नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा। निरंजन कुमार ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस प्रकार के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि अपराधियों के मन में भय और आम जनता में सुरक्षा की भावना बनी रहे। पुलिस की यह कार्रवाई स्थानीय लोगों द्वारा सराहनीय कदम के रूप में देखी जा रही है।




