सरायकेला : सरायकेला-खरसावां ज़िले के पुलिस निरीक्षक नितिन कुमार सिंह ने क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक कर पदाधिकारी को कड़े निर्देश दिया दिए हैं। बैठक में उन्होंने थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी, और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की और कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में श्री सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि क्षेत्र में विधि व्यवस्था बनाए रखना पहली प्राथमिकता है। इसके लिए उन्होंने अवैध कारोबार जैसे शराब, गांजा, सट्टा, बालू तस्करी आदि पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अपराध पर नियंत्रण तभी संभव है जब पुलिस तंत्र जमीनी स्तर पर सक्रिय और चौकस रहेगी। पुलिस निरीक्षक ने राजनगर, सरायकेला, खरसावां, कुचाई, एसटी/एससी थाना, महिला थाना एवं सीनी, आमदा, दरभंगा ओपी के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित गश्ती (पेट्रोलिंग) बढ़ाने को कहा है। उन्होंने कहा कि जेल से छूटे अपराधीयो पर विशेष नजर रखी जाए। ताकि वे दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न हों। बैठक और निरीक्षण के दौरान थाना और ओपी के पदाधिकारियों को उनके कार्यों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव और निर्देश भी दिए गए। इसमें थाना परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड की अद्यतन स्थिति, शिकायतों के निवारण में पारदर्शिता, और आम जनता से सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने की भी हिदायत दी गई। पुलिस निरीक्षक नितिन कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है जनसुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को चाहिए कि वे नियमित रूप से जनता से संपर्क में रहें, सूचना तंत्र को मजबूत करें और गुप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।




