Saraikela (संजीव मेहता) : आदित्यपुर नगर निगम के वॉर्ड संख्या-18 अंतर्गत शिवा नर्सिंग होम के सामने से होकर डब्ल्यू टाईप मैदान होते हुए राममड़ैया बस्ती जाने वाले आवास बोर्ड के खाली भूखंड पर गन्दगी का अंबार लगा हुआ है. लंबे समय से साफ-सफाई नहीं होने के कारण यहां गन्दगी बजबजा रही है, जिसके कारण स्थानीय लोग खासे परेशान हैं. साथ ही गंदगी की वजह से वहाँ संक्रामक बीमारियाँ उत्पन्न होने की आशंका भी बढ़ गई है.

जबकि आवास बोर्ड के उक्त भूखंड के सामने हीं तीन बड़े-बड़े अपार्टमेंट भी हैं, जहाँ आम लोग सपरिवार आवासित हैं. बारिश के कारण उत्पन्न हुई जल-जमाव की समस्या से भी परेशानी हो रही है. बारिश की वजह से उक्त भूखंड के चारों ओर जल-जमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है. जिसकी वजह बजबजा रही नालियों की समुचित सफाई न होना है. नालियाँ जाम रहने के कारण गन्दा पानी भी सड़क पर बहने लगा है. स्थानीय लोगों ने आदित्यपुर नगर निगम प्रबन्धन से उक्त खाली भूखंड की संपूर्ण सफाई सुनिश्चित कराने और वहाँ ब्लीचिंग पाऊडर तथा कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने की माँग की है.




