बिहार : केंद्र सरकार ने बिहार में 875 किलोमीटर लंबे नेशनल हाईवे निर्माण के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 33,464 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। यह कार्य 2025-26 की वार्षिक योजना के अंतर्गत किया जाएगा। इस बजट से राज्य में कुल 52 परियोजनाएं शुरू होंगी, जिसमें 17 राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे ओवरब्रिज/अंडरपास और 7 नए बायपास शामिल हैं। कई मार्गों को दो लेन से चार लेन में बदला जाएगा।

चयनित मार्गों में से 380 किलोमीटर को फोर-लेन में विस्तार दिया जाएगा। साथ ही बगहा और पतजीरवा में गंडक नदी पर, और कमला नदी पर एक-एक नया पुल भी बनाया जाएगा। सीतामढ़ी-चिरांत, समस्तीपुर-दरभंगा, हरिहरगंज-औरंगाबाद-नौबतपुर, बरबीघा-जमुई-बांका और ढाका मोड़ जैसे मार्गों को भी दो लेन में विस्तारित किया जाएगा। डुमरांव, अरवल, दाउदनगर, औरंगाबाद, सिंहेश्वर, समस्तीपुर और वाल्मीकि नगर (टाइगर प्रोजेक्ट) क्षेत्रों में बायपास का निर्माण किया जाएगा। मुख्य चौड़ीकरण योजनाओं में मसरख-चकिया-भीट्ठा मोड़ मार्ग (रामजानकी रूट) 7300 करोड़ में 146 किमी, बरियारपुर-बिशनपुर मार्ग 3400 करोड़ में 141 किमी, अरवल-बिहारशरीफ 2300 करोड़ में 89 किमी, और बेतिया-बगहा 4300 करोड़ में 69 किमी के कार्य शामिल हैं।




