बिहार : छपरा नगर निगम में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम ने मंगलवार को एक सरकारी कर्मचारी को 60 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई नगर निगम कार्यालय में की गई, जहां लिपिक सूर्य मोहन यादव को घूस लेते समय पकड़ा गया।

यह कार्रवाई सतजोड़ा गांव, मसरख थाना निवासी राजनाथ राय की शिकायत पर हुई। राजनाथ राय हाल ही में, 31 मई को सफाई निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली रकम—भविष्य निधि और ग्रेच्युटी—13.62 लाख रुपए के भुगतान के लिए उनसे 1.26 लाख रुपए की अवैध मांग की गई थी। जांच में आरोपों को सही पाया गया, जिसके बाद डीएसपी रीता सिन्हा की अगुवाई में निगरानी टीम ने यह कार्रवाई की। मंगलवार को पहली किस्त के तौर पर 60 हजार रुपए देने की योजना थी, जिस दौरान आरोपी को धर दबोचा गया। इस गिरफ्तारी ने नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।




