रांंची : झारखंड के सरायकेला जिले में धर्म परिवर्तन का एक मामला सामने आया है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर तीखी चर्चा हो रही है। जानकारी के अनुसार, झिमड़ी गांव की इंटर की छात्रा रीता महतो ने कथित रूप से अपना धर्म बदलकर खुद को फिजा खातून घोषित किया है। बताया जा रहा है कि उसने पश्चिम बंगाल में तस्लीम नामक व्यक्ति से विवाह कर लिया है, जो पहले से तीन बच्चों का पिता है।

इस मामले को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने इस घटना को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री से दखल की मांग की है। वहीं, भाजपा प्रवक्ता राफिया नाज़ ने इस पर चिंता जाहिर करते हुए इसे युवतियों के भविष्य के साथ अन्याय बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में जबरन धर्मांतरण का संगठित तंत्र सक्रिय है। राफिया नाज़ ने सुझाव दिया कि अन्य राज्यों की तरह झारखंड में भी एक कड़ा ‘एंटी-लव जिहाद’ कानून लागू किया जाए और प्रत्येक जिले में सतर्कता समितियां गठित की जाएं। उनका मानना है कि केवल घटना के बाद कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है; ऐसी स्थितियों को पहले ही रोका जाना चाहिए।




