रांची : पहलगाम में हुई हालिया घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को एक अहम जानकारी सामने आई है। पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि भारत ने अनंतनाग क्षेत्र से झेलम नदी में अचानक पानी का बहाव बढ़ा दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कदम बिना किसी पूर्व सूचना के उठाया गया, जिससे झेलम का जलस्तर काफी बढ़ गया है और पाकिस्तान के कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

खास तौर पर पाकिस्तान के मुजफ्फरबाद और हट्टियन बाला में स्थिति गंभीर हो गई है। जलस्तर बढ़ने के कारण स्थानीय प्रशासन ने आपातकाल घोषित कर दिया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। मस्जिदों से लगातार अलर्ट जारी किया जा रहा है ताकि लोग सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। गौरतलब है कि पहलगाम की घटना के बाद भारत ने सिंधु जल संधि के तहत पाकिस्तान को जाने वाले जल प्रवाह को रोकने का फैसला किया था। इसके बीच झेलम में अचानक जलप्रवाह बढ़ाने को लेकर पाकिस्तान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इसे गंभीर स्थिति करार दिया है।




