सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन पर लगातार जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी द्वारा बालू माफियाओं पर शिकंजा कसते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है र। जिला खनन पदाधिकारी के निर्देश पर खनन निरीक्षक समीर ओझा द्वारा सोमवार को चौका थाना क्षेत्र के चांदुडीह में दो ट्रैक्टर जब्त किए, जो अवैध रूप से बालू लेकर जा रहे थे। जब्त किए गए वाहनों को चौका थाना को सौंप दिया गया, जहां कागजातों की जांच की जा रही है। इधर, तिरुलडीह थाना क्षेत्र में भी अधिकारियों ने छापेमारी अभियान चलाया है।जिले में हो रही इन कार्रवाइयों से बालू माफियाओं में दहशत का माहौल है।

हाल ही में खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी और चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई थी। चौका और ईचागढ़ थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पांच अवैध ट्रैक्टर और छह बालू लदे हाईवा जब्त किए गए थे। इसके अलावा, ईचागढ़ थाना के पास 50 हजार सेफ्टी अवैध बालू भंडारण को भी सील किया गया था। इन लगातार हो रही कार्रवाइयों के बाद **स्थानीय पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।** क्या पुलिस अवैध खनन रोकने में नाकाम साबित हो रही है? क्या बालू माफियाओं को प्रशासन का कोई डर नहीं है? क्या सरकारी राजस्व की चोरी रोकना सिर्फ खनन विभाग की जिम्मेदारी है?
इन सवालों के जवाब अब तक स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन एक बात सीसे की तरह साफ है कि खनन विभाग के सक्रिय होने से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस अपनी भूमिका को कितना प्रभावी बनाती है और प्रशासन इस समस्या पर कैसे पूर्ण विराम लगाता है।





