रांची : धनतेरस, दीपावली और छठ पर्व के चलते बाजारों में खरीदारी का दौर जोरों पर है। खरीदारी के लिए उमड़ती भीड़ ने बाजारों को खचाखच भर दिया है। इस बीच, भीड़ का फायदा उठाते हुए मोबाइल चोर गिरोह भी सक्रिय हो गए हैं। खासकर, बंगाल और उड़ीसा के मोबाइल चोर गिरोह इन त्योहारों के मौके पर बाजारों में लोगों की व्यस्तता का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। अक्सर देखा गया है कि इन गिरोहों में छोटे बच्चे और महिलाएं भी शामिल होते हैं, जो पलक झपकते ही भीड़ में लोगों के मोबाइल चोरी कर लेते हैं। लोग जब खरीदारी में व्यस्त होते हैं, तभी ये चोर सक्रिय होकर हाथ साफ कर जाते हैं।

त्योहारों के इस मौसम में लोगों को अधिक सावधान और सतर्क रहने की जरूरत है। खरीदारी करते समय अपने कीमती सामान, खासकर मोबाइल फोन को सुरक्षित रखने का विशेष ध्यान रखें, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर खरीदारी करते समय हमेशा चौकस रहें और अपने मोबाइल को सुरक्षित स्थान पर रखें। धनतेरस, दिवाली और छठ पर्व के इस उल्लास के बीच इन मोबाइल चोर गिरोहों से बचाव आवश्यक है। ध्यान रहे कि थोड़ी सी लापरवाही आपको बड़ा नुकसान पहुंचा सकती है।




