सरायकेला (संजीव मेहता) : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की फेज 3 में स्थित टफसील प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में चल रहे 5 दिनों का हड़ताल शुक्रवार को कंपनी प्रबंधन और आंदोलन का नेतृत्व कर रहे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के द्वीपक्षीय वार्ता के बाद समाप्त हो गया है. यहां एक कामगार को काम से हटाए जाने के बाद सभी कामगारों ने एकजुटता दिखाते हुए (जेकेएलएम) के नेतृत्व में 5 दिनों से कंपनी गेट पर धरना प्रदर्शन कर रहे थे.

आज कंपनी के डायरेक्टर आर एन चौधरी कंपनी पहुंचकर आंदोलनरत नेताओं और कामगारों से वार्ता कर उनकी सभी मांगों को मंजूर करते हुए हड़ताल को समाप्त करवा दिया है. जेकेएलएम की ओर से दीपक महतो और प्रदीप महतो शामिल थे. मोर्चा की मांगों में हटाये गए कामगार को वापस काम पर रखने, 10 वर्ष से कार्यरत अस्थायी कामगारों को बारी बारी से कामगारों को स्थायी करने, बगैर किसी ठोस वजह से किसी भी कामगार को काम से नहीं हटाने, सभी अस्थायी कामगारों को न्यूनतम मजदूरी के साथ ईएसआई, पीएफ की सुविधा देने, और हड़ताल के दौरान की मजदूरी का भुगतान करने की बातें शामिल थी.





