रांची: झारखंड से हाल ही में निर्वाचित राज्यसभा सदस्यों बैद्यनाथ राम और परिमल नथवानी ने गुरुवार को संसद के उच्च सदन की सदस्यता की शपथ ली। राज्यसभा के सभापति एवं उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने दोनों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर बैद्यनाथ राम ने उपराष्ट्रपति का आशीर्वाद लिया, जबकि दोनों सांसदों ने अपने संवैधानिक दायित्वों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का भरोसा जताया।
बैद्यनाथ राम के शपथ ग्रहण पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे संसद में झारखंड के हितों को प्रभावी ढंग से रखेंगे। उन्होंने सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा को प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई। वहीं कल्पना मुर्मू सोरेन ने भी उन्हें बधाई देते हुए जनसेवा के प्रति उनके संकल्प की सराहना की।

उधर, चौथी बार राज्यसभा पहुंचे परिमल नथवानी ने इसे अपने सार्वजनिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और कौशल संवर्धन उनके प्रमुख कार्यक्षेत्र होंगे। शपथ के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर समर्थन के लिए आभार जताया और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के अनुरूप झारखंड के विकास में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।





