पटना : पटना के बिहटा के नेउरा थाना क्षेत्र के गोढना गांव में 50 वर्षीय संजय सिंह की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। संजय सिंह पिछले 12 वर्षों से अपनी इकलौती बेटी के साथ रह रहे थे। परिजनों ने हत्या का आरोप उनकी पत्नी पम्मी देवी पर लगाया है, जो संपत्ति विवाद के चलते उन्हें धमकाया करती थीं।
*घटना का खुलासा:-
शनिवार सुबह संजय सिंह की बेटी स्कूल जाने के लिए उठी, तो उसने पिता को सोते हुए पाया। स्कूल से लौटने के बाद भी जब वे नहीं जागे, तो उसने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन वे मृत मिले। इस पर परिजनों और पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक के बड़े भाई अजय सिंह ने बताया कि संजय की पत्नी 12 साल पहले बेटी को छोड़कर घर से चली गई थी। हाल ही में संपत्ति को लेकर संजय और उनकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। परिजनों को शक है कि इसी विवाद के कारण संजय की हत्या की गई।
*पुलिस की प्रारंभिक जांच:-
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, पटना एफएसएल टीम और दानापुर डीएसपी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान संजय सिंह के चेहरे पर चाकू के घाव पाए गए, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उनकी चाकू से गोदकर हत्या की गई। पटना पश्चिम सिटी एसपी सरथ आर एस ने बताया कि परिजनों ने पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसकी जांच जारी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके।