उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में निहाल सिंह हत्याकांड के दो नामजद आरोपितों को पुलिस ने शुक्रवार सुबह मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों आरोपितों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घटना के बाद एएसपी सुनील सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। हत्याकांड 19 नवंबर को छठ पूजा के दिन हुआ था, जब मदनपुर थाना क्षेत्र के समोगर निवासी निहाल सिंह को सुरौली थाना क्षेत्र के जद्दू परसिया के पास गोली मार दी गई थी। निहाल सिंह अपने देवरिया स्थित आवास लौट रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार तड़के पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल दो आरोपित बाइक से मरकटिया के पास मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया। पुलिस को देख आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपित अनुराग गुप्ता और आशीष पांडेय घायल हो गए। दोनों आरोपित देवरिया के रामनाथ क्षेत्र के निवासी हैं। मुठभेड़ की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने बताया कि यह हत्याकांड पारिवारिक रंजिश के कारण हुआ था, और आरोपित पहले से ही पुलिस के रडार पर थे। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि अन्य संलिप्त लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।