रांची : रांची के नामकुम थाना अंतर्गत खरसीदाग ओपी क्षेत्र के डुंगरी चापा टोली से बुधवार शाम को एक युवती का शव बरामद किया गया। पुलिस को शव चारदीवारी के अंदर स्थित झाड़ियों में मिला। प्रारंभिक जांच से यह प्रतीत होता है कि युवती की हत्या कमरे में की गई और फिर उसका शव झाड़ियों में फेंका गया। युवती के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे यह अंदेशा है कि उसे पत्थर से कुचलकर मारा गया। युवती के बाएं हाथ पर ‘सूरज’ नाम का गोदना था। घटनास्थल से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा, हरा रंग का पर्स, चार्जर, और पल्सर बाइक का नंबर प्लेट बरामद किया।

कमरे की दीवारों और फर्श पर खून के छींटे पाए गए, साथ ही वहां शराब और बीयर की बोतलें भी बिखरी मिलीं। पुलिस को संदेह है कि अपराधियों ने युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। मामले की जांच जारी है, और पुलिस संभावित अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।





