रायपुर( छत्तीसगढ़) : छत्तीसगढ़ के सुकमा और दंतेवाड़ा सीमा क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस मुठभेड़ में 16 नक्सली मारे गए हैं, जबकि दो जवानों को मामूली चोटें आई हैं। दोनों पक्षों के बीच भारी गोलीबारी हो रही है और क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों के अनुसार, सुकमा थाना क्षेत्र में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने संयुक्त रूप से नक्सल विरोधी अभियान चलाया। यह अभियान शुक्रवार को शुरू हुआ और शनिवार सुबह तक जारी रहा।
पिछले कुछ महीनों में बीजापुर और कांकेर में भी नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 30 नक्सलियों को ढेर किया था। इनमें बीजापुर में 26 और कांकेर-दंतेवाड़ा में 4 नक्सली शामिल थे। मुठभेड़ के दौरान बीजापुर डीआरजी के एक जवान की भी शहादत हुई थी। इस साल अब तक राज्य में 105 नक्सली मारे जा चुके हैं, जिनमें से 89 बस्तर क्षेत्र के सात जिलों में ढेर किए गए हैं।