धनबाद : तेलमच्चो स्थित धनबाद-बोकारो इंटर डिस्ट्रिक्ट चेक पोस्ट पर बुधवार तड़के तीन बजे एक टोयोटा इनोवा क्रिस्टा कार (जेएच 10 बीवाई 9655) से 71 लाख 97 हजार रुपये बरामद किए गए। यह कार बोकारो से धनबाद में प्रवेश कर रही थी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त माधवी मिश्रा ने इस घटना की जानकारी दी और बताया कि इस बरामदगी के बाद अब तक जिला प्रशासन द्वारा एक करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक नकद राशि जब्त की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना है। इसके लिए विभिन्न टीमें तैनात की गई हैं।

जिनमें 63 स्टेटिक सर्विलांस टीम, 18 वीडियो सर्विलांस टीम, 12 वीडियो व्यूइंग टीम, 63 फ्लाइंग स्क्वॉड टीम, 22 अकाउंटिंग टीम और 12 असिस्टेंट एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर शामिल हैं। ये सभी टीमें जिले में हो रही हर गतिविधि पर कड़ी नजर रख रही हैं ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। यह कदम आगामी चुनाव के मद्देनजर उठाया गया है, जिससे चुनाव में काले धन के प्रयोग को रोका जा सके और चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो।





