रांची: रांची से लापता हुए होटल व्यवसायी और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी लाल रणविजय नाथ सहदेव को धनबाद रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद किया गया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने शुक्रवार को उन्हें खोज निकाला। रणविजय नाथ सहदेव ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के उरगुट्टू के निवासी हैं। सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को शाम करीब चार बजे उन्हें जबरन उठा लिया गया था। इस घटना को लेकर उनके परिजनों ने ठाकुरगांव थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी।
धनबाद रेलवे स्टेशन पर सहदेव मदद के लिए चिल्लाते हुए भाग रहे थे, तभी आरपीएफ ने उन्हें रोका और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि उन्हें एक ऊंचे स्थान पर बंधक बनाकर रखा गया था। इस दौरान उनके पास मौजूद नकदी और सोने की अंगूठी लूट ली गई। अपहरणकर्ताओं ने उनके पैरों को नुकसान पहुंचाने की भी कोशिश की ताकि वह भाग न सकें। उनके हाथों में अब भी रस्सियों के निशान हैं। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश जारी है।