चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के दुर्गम गुदड़ी प्रखंड की गुलीकेरा पंचायत स्थित बेड़ाकायम गांव में विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने के लिए मनोहरपुर विधानसभा के विधायक जगत माझी और उपायुक्त मनीष कुमार ने करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर ग्रामीणों तक पहुंच बनाई। दोनों अधिकारियों ने गांव में लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी दैनिक समस्याओं, मूलभूत सुविधाओं की जरूरतों और क्षेत्र के विकास से जुड़े सुझाव सुने।
इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ और उनके क्रियान्वयन की भी जानकारी ली गई। भ्रमण के क्रम में विधायक और उपायुक्त गांव निवासी मेघनाथ गंडु के नव निर्मित अबुआ आवास पहुंचे, जहां आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम में उन्होंने भाग लिया। उन्होंने परिवार को नए घर की बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य, खुशहाल जीवन और समृद्धि की शुभकामनाएं दीं।

मौके पर परिवार को उपहार के रूप में एक प्रेशर कुकर भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर विधायक जगत माझी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अबुआ आवास योजना आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को सुरक्षित और सम्मानजनक आशियाना उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम है। साथ ही उन्होंने योजना के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की।






