रांची : मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी किया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस मुख्यालय लगातार सभी जिलों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है। राज्य की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने सभी जिलों के वरीय पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षक को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
डीजीपी ने स्पष्ट कहा है कि मुहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, सांप्रदायिक तनाव या शांति भंग करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्ती, ड्रोन एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी तथा शांति समिति की बैठकों को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष निगरानी रख रही है।

भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट, वीडियो और संदेशों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कदम उठाने का निर्देश दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और शांति एवं भाईचारे की परंपरा को बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।






