जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना पुलिस ने सोमवार को एक विशेष अभियान चलाकर ब्राउन शुगर की अवैध बिक्री से जुड़े एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया। अभियान के दौरान पुलिस ने चार युवकों को दबोचा और उनके पास से बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर सहित नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए। सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान शेष नगर (गोविंदपुर) निवासी गौरव कुमार उर्फ अमर, बर्मा माइंस मुस्लिम बस्ती के इमरान,सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली निवासी जम्मुवन महतो और तमोलिया (कपाली ओपी क्षेत्र) के लखन मांझी के रूप में की गई है। तलाशी के दौरान इनके पास से 81 पुड़िया ब्राउन शुगर, चार मोबाइल फोन और 2550 रुपये नकद जब्त किए गए।

प्रारंभिक जांच में यह नकदी नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित बताई जा रही है। गोविंदपुर थाना प्रभारी ने बताया कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र के नया रोड किनारे जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने छापेमारी कर चारों युवकों को मौके से पकड़ लिया। पुलिस का मानना है कि ये सभी आरोपी ब्राउन शुगर की सप्लाई चेन से जुड़े हुए थे।






