जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में प्रदीप साव उर्फ आतंक के हत्या के मामले में पुलिस ने कुल 6 अभियुक्तो को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बताया जाता है कि मृतक प्रदीप उर्फ आतंक खुद अपराधी प्रवृत्ति का है और कई बार विभिन्न मामलों में जेल जा चुका है, वह हमेशा अपने क्षेत्र में दबदबा बनाए रखने के लिए हथियार लेकर घूमता था और छोटी-छोटी बातों पर मारपीट की घटना को भी अंजाम दे देता था, जिसे लेकर क्षेत्र के कुछ युवकों में उसके प्रति नाराजगी थी।
कहा जा रहा है कि घटना से कुछ घंटे पूर्व भी प्रदीप का कुछ युवकों के साथ मारपीट की घटना घटित हुई थी,जिसके कुछ देर बाद प्रदीप के एक करीबी की, युवकों ने पिटाई कर दी थी यह जानकारी मिलने पर प्रदीप बस्ती के ही रहने वाले उसके तीन साथी शिबू,रूपेश और सोनू को लेकर नदी किनारे पहुंचा जहां कुंदन, ललित, रवि साथ विवाद हो गया, विवाद इतना बढ़ गया कि इन तीनों ने प्रदीप पर हमला कर दिया.

इस बीच उसके साथ गए तीनों साथियों ने भी बीच बचाव करने के बजाय उसके साथ मारपीट करने लगे और चापड़ और चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी और शव छुपाने के लिए नदी में ले जाकर फेंक दिया। इसे लेकर पूर्व में ही परिवार वालों के शिकायत पर नामजद प्रदीप के तीन साथियों पर मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार किया गया था,जिनसे पूछताछ में पूरे मामला का उद्भेदन हुआ और शव मिलने के बाद बीती रात कुंदन,रवि और ललित को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस तरह पूरे मामले में कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया जबकि अभी भी एक फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी तेज कर दी गई है।





