जमशेदपुर : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दिव्यांगजनों के हित में एक बड़ी घोषणा की है. बुधवार को जमशेदपुर में नवनिर्मित अतिरिक्त 100 बेड के अस्पताल का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे मंत्री ने इससे पहले डीसी कार्यालय में आयोजित विश्व दिव्यांगता दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
यहां उन्होंने दिव्यांग बच्चों के बीच सहायक उपकरणों का वितरण किया और सरकार की नई पहल की जानकारी दी. डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की कि दिव्यांगों के लिए निर्धारित प्रतिशत की बाध्यता को समाप्त किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अब हर वर्ग के दिव्यांगों को सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत सरकार की ओर से पेंशन उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि यह मामला कैबिनेट से जुड़ा है और जमशेदपुर से लौटने के बाद वह इस प्रस्ताव को कैबिनेट में रखेंगे.

स्वास्थ्य मंत्री ने मीडिया में सरकार की सेहत को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह विपक्षी दलों की साजिश है. उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड में इंडिया महागठबंधन की सरकार पूरी तरह सुरक्षित है और सरकार में किसी भी प्रकार की टूट की कोई संभावना नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था और जनकल्याण को लेकर गंभीर है और राज्य में लगातार नई स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. जमशेदपुर में अतिरिक्त 100 बेड के अस्पताल का उद्घाटन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.






