जमशेदपुर : जमशेदपुर के पोटका थाना क्षेत्र स्थित सावनाडीह मुख्य सड़क पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब गिट्टी से भरी एक हाइवा में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चलते-चलते ही उसमें तेज धुआँ निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे हाइवा को अपनी चपेट में ले लिया।
कुछ ही मिनटों में आग इतनी भयानक हो गई कि पूरा वाहन धू-धू कर जल उठना शुरू हो गया। सूत्रों के मुताबिक आग लगने का कारण हाइवा में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। चालक और अन्य लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय लोगों तथा प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।

आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों को पूरी ताकत झोंकनी पड़ी,लेकिन तब तक हाइवा लगभग पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। वहीं दूसरी ओर पोटका थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुँच गई। पुलिस ने मौके का मुआयना कर आवश्यक जाँच पड़ताल शुरू कर दी है। प्रारंभिक जाँच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का प्रमुख कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।






