Saraikela (संजीव मेहता) : आदित्यपुर नगर निगम ने सख्त आदेश देते हुए शहरियों को चेतावनी दी है कि अब इधर उधर कचरा फेंके तो 100 से 1000 रुपए तक आर्थिक दंड भरने होंगे. बता दें कि बुधवार को आदित्यपुर नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि अब इधर उधर कचरा फेंकने पर आम जनों पर जुर्माना लगाया जाएगा. सड़क, नाले या अपने घर के सामने कचरा फेंकने पर लोगों पर जुर्माना लगाया जाएगा.

उन्होंने बताया कि नगर निगम के 35 वार्डों में डोर टू डोर कचरा उठाया जा रहा है, इसके साथ ही मुख्य वार्डों के कचरा प्वाइंट से भी कचरा उठाया जा रहा है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा इधर-उधर कचरा फेंकने के कारण निगम को शहर को साफ रखने में परेशानी हो रही है. ऐसे में इसे रोकने के लिए निगम में एक टीम बनाई गई है, जो गुरुवार से क्षेत्र में यत्र तत्र कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई करेगी और जुर्माना वसूलेगी. इस टीम में नगर प्रबंधक, राजस्व निरीक्षक एवम सेनेटरी इंस्पेक्टर को शामिल किया गया है. उन्होंने बताया कि आवासीय घरों के पास कचरा पाए जाने पर 100 रुपया एवम कमर्शियल प्रतिष्ठानों से 1000 रुपया दंड शुल्क लगाया जाएगा.






