जमशेदपुर : सोनारी क्षेत्र में सीएनटी भूमि के अवैध रजिस्ट्रेशन और म्यूटेशन को लेकर राजभवन ने संज्ञान लिया है। इसके बाद, शुक्रवार को जेएनएसी की एक विशेष टीम ने निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण किया। टीम का नेतृत्व जेएनएसी के जेई रजनीश कुमार त्रिवेदी ने किया और शिकायतकर्ता शैलेंद्र महतो भी मौके पर उपस्थित रहे। महतो ने जानकारी दी कि आशियाना गार्डन परिसर में स्थित लगभग 15 डिसमिल भूमि (प्लॉट नंबर 566, खाता संख्या 3, हल्का संख्या 6, थाना संख्या 1156) प्रह्लाद महतो की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि किशोर गोलछा ने जाली दस्तावेजों के आधार पर उक्त भूमि को निधि खेतान, अभिनव खेतान, सालू खेतान और मंजू खेतान को बेच दिया। महतो के अनुसार, पहले इस मामले में सीओ से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लिया गया।
राज्यपाल की ओर से हस्तक्षेप के बाद, निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई थी।




